Home खेल DPL 2025: अगर बजरंग बली साथ तो कैसे नहीं बनेंगे रन, नीतीश...

DPL 2025: अगर बजरंग बली साथ तो कैसे नहीं बनेंगे रन, नीतीश राणा की विस्फोटक बैटिंग का हुआ बड़ा खुलाशा

3
0

नितीश राणा दिल्ली प्रीमियर लीग में धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने एलिमिनेटर मैच में शानदार शतक जड़ा था। इसके बाद उन्होंने क्वालीफायर-2 में भी शानदार पारी खेली और अपनी टीम वेस्ट दिल्ली लायंस को फाइनल में पहुँचाया। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 188.02 के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए हैं। अब फाइनल में वेस्ट दिल्ली लायंस का सामना सेंट्रल दिल्ली किंग्स से होगा। फाइनल से पहले नितीश राणा ने अपने दमदार प्रदर्शन का राज खोला है।

नितीश राणा की जेब में हनुमान चालीसा

नितीश राणा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी का राज खोलते हुए बताया कि वह बल्लेबाजी करते समय अपनी जेब में हनुमान चालीसा रखते हैं। मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सभी को हनुमान चालीसा दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने कहा- मैं इसे जेब में रखकर बल्लेबाजी करता हूँ। हनुमान चालीसा मेरी सबसे बड़ी ताकत है। बजरंग बली की कृपा से ही मैं अपना पहला शतक लगा पाया और टीम को फाइनल में पहुँचा पाया।

नितीश ने आगे कहा- जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था, तो मुझे लगा कि मेरे अंदर एक अलग ही शक्ति है। मैं छक्के लगाने की कोशिश नहीं कर रहा था, मैं बस अपना स्वाभाविक खेल खेल रहा था।

क्वालिफायर-2 में क्या हुआ?

अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए क्वालिफायर-2 में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने आठ विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। टीम को मात्र 9 रन पर हार्दिक शर्मा के रूप में बड़ा झटका लगा। हार्दिक मात्र 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यहाँ से अर्पित राणा ने सुजल सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। सुजल 18 गेंदों में इतने ही रन बनाकर आउट हो गए, जबकि अर्पित राणा ने 38 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 50 रनों की पारी खेली। इसके अलावा रौनक वाघेला ने 17 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए।

जवाब में वेस्ट दिल्ली लायंस ने 17.3 ओवर में जीत हासिल कर ली। टीम को 16 रन के स्कोर पर अंकित कुमार (2) के रूप में झटका लगा। इसके बाद कृष यादव 37 रनों का योगदान देकर पवेलियन लौट गए। यहाँ से आयुष दोसेजा ने कप्तान नितीश राणा के साथ 86 रनों की अटूट साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। आयुष ने 49 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए, जबकि राणा ने 26 गेंदों में 45 रनों की नाबाद पारी खेली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here