क्रिकेट न्यूज डेस्क।। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से भारत के नाम रहा। टॉस को छोड़कर इंग्लैंड के पक्ष में कुछ नहीं गया। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल ने शतक जड़े। इससे पहले दिन के स्टंप्स के समय भारतीय टीम का स्कोर 85 ओवर में 3 विकेट पर 359 रन था। कप्तान गिल 175 गेंदों पर 127 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि उपकप्तान ऋषभ पंत ने भी अर्धशतक जड़ा है। पंत 102 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर खेल रहे हैं।
गिल की कप्तानी में डेब्यू में शतक
यशस्वी जायसवाल ने 144 गेंदों पर 16 चौके और 1 छक्का लगाकर अपना पांचवां शतक पूरा किया। चाय के ब्रेक के तुरंत बाद वे 101 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन गिल ने दिन के आखिरी सेशन में अपना शतक पूरा किया। बतौर टेस्ट कप्तान गिल का यह पहला मैच है। वह कप्तानी के अपने पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले 5वें भारतीय हैं। उनसे पहले विजय हजारे, सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
सुबह के सत्र में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (42 रन) और जायसवाल ने इंग्लिश आक्रमण को कड़ी टक्कर दी और पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। 39 साल बाद भारतीय सलामी जोड़ी ने लीड्स के मैदान पर अर्धशतकीय साझेदारी की है। इंग्लैंड के गेंदबाजों स्टोक्स, ब्रायडन कार्से, जोश टोंग और क्रिस वोक्स ने राहुल और जायसवाल को काफी फुल लेंथ गेंदबाजी की, जिसके कारण वे कुछ आसान रन चुराने में सफल रहे।
दूसरे सत्र में कोई विकेट नहीं गिरा
लंच ब्रेक से पहले दो ओवर में भारत को लगातार दो झटके लगे। पहले कार्से ने केएल राहुल को आउट किया। जो रूट ने उन्हें स्लिप में कैच कराया। इसके बाद डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन अपना खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान बेन स्टोक्स ने जाल बिछाया और उनका शिकार किया। पहले सत्र के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 92 रन था। दूसरा सेशन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा। इसमें इंग्लैंड के गेंदबाज एक भी विकेट नहीं ले पाए। कप्तान बेन स्टोक्स ने यशस्वी और गिल की साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड किया। दोनों के बीच 128 रनों की साझेदारी हुई। लेकिन इसके बाद भी इंग्लैंड की मुश्किलें कम नहीं हुईं। ऋषभ पंत ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की लेकिन फिर हाथ खोलने शुरू कर दिए। 81वें ओवर में उन्होंने 91 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पंत और गिल ने 198 गेंदों में 138 रनों की नाबाद साझेदारी की।