आज के डिजिटल दौर में जिंदगी काफी आसान हो गई है। अब बैंक, बीमा और इनकम टैक्स जैसे ज्यादातर सरकारी काम घर बैठे ऑनलाइन हो जाते हैं। इसी कड़ी में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने भी अपनी लगभग सभी सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और मुफ्त कर दिया है।
लेकिन इसके बावजूद बहुत से लोग अब भी एजेंटों और दलालों के चक्कर में फंसकर भारी रकम खर्च कर रहे हैं। इसी को लेकर EPFO ने अपने करोड़ों मेंबर्स को चेतावनी दी है कि किसी भी थर्ड पार्टी एजेंट, साइबर कैफे या फिनटेक कंपनी की मदद लेने की कोई जरूरत नहीं है।
EPFO की सभी सेवाएं पूरी तरह फ्री
EPFO ने साफ कहा है कि चाहे आपको PF का क्लेम करना हो, अकाउंट से पैसा निकालना हो, KYC अपडेट करना हो या शिकायत दर्ज करनी हो, यह सब कुछ मुफ्त, सुरक्षित और सीधे EPFO पोर्टल या UMANG ऐप के जरिए किया जा सकता है।
दलाल और एजेंट सिर्फ आपके ही डाटा का इस्तेमाल करके यही काम करते हैं और बदले में मोटा पैसा वसूलते हैं। इससे न सिर्फ आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि आपकी आधार, बैंक डिटेल्स और अकाउंट जानकारी गलत हाथों में भी जा सकती है।
EPFO की नई सुविधाएं
-
ऑटो सेटलमेंट: 1 लाख रुपये तक के अग्रिम क्लेम (बीमारी, शादी, शिक्षा, घर) अब बिना किसी झंझट के ऑटोमैटिकली सेटल हो जाते हैं।
-
KYC अपडेट: अब नियोक्ता की मंजूरी की जरूरत नहीं, आधार ऑथेंटिकेशन से तुरंत अपडेट हो जाएगा।
-
ऑनलाइन शिकायत: EPFiGMS और CPGRAMS पोर्टल पर फ्री में शिकायत दर्ज कर समाधान पा सकते हैं।
-
तेजी और पारदर्शिता: वित्त वर्ष 2024-25 में EPFO ने 2.34 करोड़ क्लेम्स को ऑटोमैटिकली निपटाया, और 98% शिकायतों का निपटारा तय समय में किया।
दलालों से क्यों रहें सावधान?
-
मुफ्त सेवाओं के लिए आपसे मोटी फीस वसूलते हैं।
-
आपकी व्यक्तिगत जानकारी गलत हाथों में जा सकती है।
-
आपके अकाउंट की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।








