ICC ने पुरुषों की वनडे ऑलराउंडरों की ताज़ा रैंकिंग जारी कर दी है। इस बार रैंकिंग में एशियाई खिलाड़ियों का दबदबा साफ़ दिखाई दे रहा है, जिन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है। ख़ासकर अफ़ग़ानिस्तान के क्रिकेटरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष-2 में जगह बनाई है। वहीं, ज़िम्बाब्वे, बांग्लादेश और न्यूज़ीलैंड के स्टार खिलाड़ी भी शीर्ष 5 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इस सूची में चौंकाने वाली बात यह है कि शीर्ष 5 की सूची में एक भी भारतीय खिलाड़ी का नाम नहीं है। आइए जानते हैं कौन सा खिलाड़ी किस स्थान पर है,
अज़मतुल्लाह उमरज़ई – अफ़ग़ानिस्तान
अफ़ग़ानिस्तान के युवा ऑलराउंडर अज़मतुल्लाह उमरज़ई 296 रेटिंग के साथ पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 2025 में लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की। यह उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा मुकाम माना जा रहा है।
मोहम्मद नबी – अफ़ग़ानिस्तान
अनुभवी ऑलराउंडर और पूर्व अफ़ग़ानिस्तान कप्तान मोहम्मद नबी 292 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर हैं। नबी लंबे समय से अफ़ग़ान टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं। 2017 में, उन्होंने ग्रेटर नोएडा में आयरलैंड के खिलाफ़ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 350 रेटिंग हासिल की थी।
सिकंदर रज़ा – ज़िम्बाब्वे
ज़िम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रज़ा 290 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। वह बल्ले और गेंद दोनों से अपनी टीम के लिए लगातार अच्छा योगदान दे रहे हैं। उन्होंने 2024 में बुलावायो में पाकिस्तान के खिलाफ 299 की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की।
मेहदी हसन मिराज – बांग्लादेश
बांग्लादेश के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज 249 की रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 2022 में मीरपुर में भारत के खिलाफ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 295 रेटिंग हासिल की।
माइकल ब्रेसवेल – न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल 246 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 2025 में बे ओवल में पाकिस्तान के खिलाफ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग दर्ज की।