भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच के तीसरे दिन पहली पारी में अर्धशतक जड़ा। पंत विकेटकीपिंग करते हुए चोटिल हो गए थे, लेकिन वह बल्लेबाजी करने उतरे और केएल राहुल का अच्छा साथ निभाया। पंत ने छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड के खिलाफ पंत का यह छठा टेस्ट अर्धशतक है। इसके साथ ही पंत अपने नाम एक और उपलब्धि दर्ज कराने में कामयाब रहे।
इस अर्धशतक के साथ ही पंत महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी पर पहुंच गए हैं। पंत तीन देशों दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा बार 50+ रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने 53 पारियों में 13 बार ऐसा किया है, जबकि धोनी ने तीन देशों में 60 पारियों में 13 बार ऐसा किया था। इस मामले में फारुख इंजीनियर तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने 33 पारियों में सात बार और किरण मोरे ने 24 पारियों में पांच बार ऐसा किया है। इतना ही नहीं, पंत इंग्लैंड में मेहमान टीम के बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार 50+ रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने धोनी की बराबरी भी कर ली है। धोनी और पंत दोनों ने इंग्लैंड में आठ बार 50+ रन बनाए हैं।
इंग्लैंड में धूम मचा रहे हैं
पंत का बल्ला इंग्लैंड में जमकर चल रहा है और वह इंग्लैंड में किसी भी सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले मेहमान टीम के बल्लेबाज़ बन गए हैं। पंत इस दौरे में अब तक 400 से ज़्यादा रन बना चुके हैं और उन्होंने टॉम ब्लंडेल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 2022 में 383 रन बनाए थे। वहीं, वेन फिलिप्स ने 1985 की एशेज सीरीज़ में 350 रन और महेंद्र सिंह धोनी ने 2014 के इंग्लैंड दौरे पर 349 रन बनाए थे।
राहुल के साथ शतकीय साझेदारी
राहुल और पंत ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की है। यह तीसरी बार है जब इन दोनों बल्लेबाज़ों ने इंग्लैंड में शतकीय साझेदारी की है। राहुल और पंत इंग्लैंड में सबसे ज़्यादा शतकीय साझेदारियाँ करने वाली जोड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने चेतन चौहान-सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़-सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़-सचिन तेंदुलकर और पंत-शुभम गिल की जोड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। पंत और राहुल के अलावा अन्य जोड़ियों ने दो बार शतकीय साझेदारी की है। हालाँकि, पंत 112 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए। पंत और केएल राहुल ने चौथे विकेट के लिए 141 रनों की साझेदारी की।