Home टेक्नोलॉजी Jio और Airtel ने बंद किया सस्ता डेटा प्लान, ट्राई ने Jio-Airtel...

Jio और Airtel ने बंद किया सस्ता डेटा प्लान, ट्राई ने Jio-Airtel से मांगा जवाब

10
0

लाखों प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज करने वालों को पिछले महीने उस समय झटका लगा जब देश की दो बड़ी टेलीकॉम कंपनियों, जियो और एयरटेल ने अपने सस्ते 1GB डेली डेटा प्लान बंद कर दिए। 249 रुपये वाले रिचार्ज प्लान को हटाए जाने पर काफी हंगामा हुआ था। इंटरनेट पर भी इसकी काफी आलोचना हुई थी। यह एक ऐसा मोबाइल रिचार्ज प्लान था जिसका इस्तेमाल आम आदमी करता था क्योंकि इसमें उसे लगभग एक महीने तक अनलिमिटेड इंटरनेट और कॉलिंग मिलती थी। अब सरकार की ओर से एक कदम उठाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूरसंचार विभाग ने इस मामले में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) से रिपोर्ट मांगी है। TRAI ने जियो और एयरटेल से उस रिचार्ज प्लान को हटाए जाने पर जवाब मांगा है।

पहले जियो, फिर एयरटेल ने प्लान हटाया

TRAI जानना चाहता है कि टेलीकॉम कंपनियों ने ऐसा क्यों किया और इसका लोगों पर क्या असर होगा। यह मामला पिछले महीने सामने आया था। जियो और एयरटेल ने अपने लोकप्रिय 249 रुपये वाले मोबाइल प्रीपेड प्लान को बंद कर दिया है। इस प्लान में प्रतिदिन 1GB डेटा के साथ कॉलिंग और SMS का लाभ मिलता था। जियो के प्लान की वैधता 28 दिन और एयरटेल की 24 दिन थी। सबसे पहले जियो ने वेबसाइट से रिचार्ज प्लान हटाया, जिसके बाद एयरटेल ने भी प्लान हटा लिया।

टेलीकॉम कंपनियों का पक्ष

कहा गया कि टेलीकॉम कंपनियों ने रिचार्ज प्लान महंगा न करके सस्ते विकल्प को खत्म कर दिया है और लोगों को महंगे रिचार्ज प्लान लेने पर मजबूर किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो ने ट्राई को बताया है कि उसके प्लान अभी भी जियो स्टोर्स पर फिजिकली खरीदे जा सकते हैं। वहीं, एयरटेल की तरफ से कहा गया है कि कंपनी ने ग्राहकों के इस्तेमाल के तरीके को देखते हुए यह फैसला लिया है।

एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि जियो के 50 करोड़ वायरलेस सब्सक्राइबर्स में से 20-25 फीसदी ग्राहक 1GB डेटा प्लान इस्तेमाल कर रहे थे। एयरटेल के करीब 18-20% ग्राहक 1GB डेली डेटा प्लान इस्तेमाल करते थे। वहीं, Vi के करीब 20-25% ग्राहक 1GB डेटा प्लान इस्तेमाल करते हैं। VI के 1GB डेली डेटा वाले प्लान को अभी बंद नहीं किया गया है। रिपोर्टों में कहा गया था कि 5G नेटवर्क की बढ़ती लागत को पूरा करने के लिए दूरसंचार कंपनियां सस्ते प्रीपेड रिचार्ज बंद कर रही हैं, लेकिन अब सरकार द्वारा रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्राई ने दूरसंचार कंपनियों से यह भी पूछा है कि उनके ग्राहक अब कौन से प्लान ले रहे हैं और उन्होंने ये प्लान क्यों वापस लिए हैं। बताया जा रहा है कि ट्राई इस मामले पर नज़र रखे हुए है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सस्ते रिचार्ज बंद करने से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here