क्रिकेट न्यूज डेस्क।। एशिया कप 2025 के चौथे मैच में पाकिस्तान और ओमान के बीच काफ़ी रोमांच और ड्रामा देखने को मिला। पाकिस्तान की पारी के दौरान ओमानी क्षेत्ररक्षक ने साहिबज़ादा फरहान का एक आसान सा कैच छोड़ दिया, जिससे गेंदबाज़ शकील अहमद अपना आपा खो बैठे। इस नज़ारे ने मैदान पर सबका ध्यान खींचा, वहीं पाकिस्तान ने इस मैच में शानदार जीत दर्ज की।
शुक्रवार (12 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए मैच में पाकिस्तान और ओमान आमने-सामने थे। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज़ सैम अयूब गोल्डन डक पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद साहिबज़ादा फरहान भी एक बड़ी गलती करने से बचे। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने एक शॉट खेला और गेंद सीधे कवर पर खड़े आमिर कलीम के हाथों में चली गई। लेकिन कलीम ने यह आसान सा कैच छोड़ दिया। अपने साथी की गलती देखकर गेंदबाज शकील अहमद गुस्सा हो गए और गुस्से में उन्हें मैदान पर ही डांटते नजर आए।
— Drizzyat12Kennyat8 (@45kennyat7PM)
September 12, 2025
हालांकि, फरहान इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और 29 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हो गए।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन बनाए। मोहम्मद हारिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 32 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 43 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। फरहान ने 28 रनों का योगदान दिया। हालांकि, कप्तान सलमान आगा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि फखर जमां 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। ओमान के लिए फैसल शाह और आमिर कलीम ने 3-3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान जितेंद्र सिंह (1) और सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम (13) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद तेजी से विकेट गिरते गए और टीम ने 50 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए। अंततः पूरी टीम 16.4 ओवर में मात्र 67 रन पर ऑल आउट हो गई।
पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब, फहीम अशरफ और सुफयान मुकीम ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और शाहीन शाह अफरीदी ने 1-1 विकेट लिया। पाकिस्तान ने 93 रनों से मैच जीतकर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत की।







