आज शेयर बाजार में कुछ कंपनियों के शेयरों पर नजर बनी रह सकती है। दरअसल, इन कंपनियों की कारोबारी गतिविधियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है, जिसका असर इनके शेयरों पर देखने को मिल सकता है। वहीं, अगर बाजार की स्थिति की बात करें तो पिछले सप्ताह भी बाजार लाल निशान पर रहा। शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी एक बार फिर गिरावट के साथ बंद हुए। इस सप्ताह की शुरुआत भी बाजार के लिए अच्छी नहीं है।
कोल इंडिया
कोल इंडिया ने रविवार को एक बड़ी जानकारी दी है। कंपनी ने बताया कि उसने भारत और पड़ोसी देशों में पीएसपी परियोजनाएं और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं शुरू करने के लिए एक संयुक्त उद्यम बनाया है। इसके लिए कंपनी ने ईडीएफ इंडिया के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। शुक्रवार को कंपनी के शेयर उछाल के साथ 369 रुपये पर बंद हुए।
अडानी ग्रीन एनर्जी
अडानी समूह की इस कंपनी ने जानकारी दी है कि उसकी इकाई अडानी ग्रीन एनर्जी ट्वेंटी फोर ने राजस्थान के जैसलमेर में 250 मेगावाट (MW) की सौर ऊर्जा परियोजना का संचालन शुरू कर दिया है। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन कंपनी के शेयर नुकसान के साथ 845 रुपये पर बंद हुए थे।
इंडस टावर्स
मोबाइल टावर लगाने वाली इस कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि क्रिसिल रेटिंग्स ने इसकी दीर्घकालिक बैंक ऋण सुविधा के रेटिंग परिदृश्य को स्थिर से बढ़ाकर सकारात्मक कर दिया है। शुक्रवार को इंडस का शेयर गिरावट के साथ 335.60 रुपये पर बंद हुआ। लेकिन अच्छी बात यह है कि इस साल अब तक (YTD) इसमें कई अन्य दिग्गज शेयरों की तुलना में कम गिरावट आई है।
ओएसिस सिक्योरिटीज
यह कंपनी स्टॉक विभाजन करने जा रही है। कंपनी अपने एक शेयर को 10 टुकड़ों में विभाजित करेगी। ओएसिस एक वित्तीय सेवा कंपनी है। शुक्रवार को कंपनी के शेयर करीब 2 फीसदी की बढ़त के साथ 285.05 रुपये पर बंद हुए। हालाँकि, इस वर्ष अब तक इसमें 24.99% की गिरावट आई है।
रेलटेल
रेलवे से जुड़ी इस कंपनी का शेयर पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन लाल निशान के साथ 305.10 रुपये पर बंद हुआ था। इस वर्ष अब तक इसमें 24.68% की कमी आई है। कंपनी ने बताया कि उसे पूर्व मध्य रेलवे से 288 करोड़ रुपये का कार्य ऑर्डर मिला है। इस खबर का शेयर बाजार की चाल पर असर पड़ सकता है।