सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार में जो तेजी देखी गई थी, आज थमती दिख रही है। सेंसेक्स 72 अंक गिरकर 80,946 पर खुला। निफ्टी 2 अंक कमजोर होकर 24,720 पर खुला। बैंक निफ्टी 74 अंक गिरकर 55,545 पर खुला। रुपया 87.68 के मुकाबले 87.97 पर खुला। सेक्टोरल इंडेक्स में भी गिरावट देखी जा रही है। ऑटो, आईटी और फार्मा सेक्टर में भी बिकवाली देखी गई। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी पीएसयू बैंक मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ देखा गया।
ये हैं आज के टॉप गेनर
मारुति
एसबीआईएन
टाटामोटर्स
एचसीएलटेक
एक्सिस बैंक
ये हैं आज के टॉप लूजर
अडानी पोर्ट्स
इन्फी
रिलायंस
बेल
एचडीएफसी बैंक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से सस्ता तेल खरीदने पर भारत पर और ज़्यादा टैरिफ लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर भारत रूस के साथ व्यापार जारी रखता है, तो अमेरिका उसे व्यापार शुल्कों के ज़रिए सबक सिखाएगा। भारत सरकार ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत अपने राष्ट्रीय हित में फ़ैसले लेता है और अमेरिका समेत यूरोपीय देश ख़ुद रूस के साथ ज़्यादा व्यापार कर रहे हैं।
इस विवाद के बीच बाज़ार की चाल भी प्रभावित हुई। गिफ्ट निफ्टी 70 अंक गिरकर 24,725 पर आ गया। हालाँकि, अमेरिकी बाज़ारों में ज़बरदस्त तेज़ी रही। डाउ जोंस में लगभग 600 अंकों की उछाल आई, जबकि नैस्डैक में 400 अंकों की उछाल आई। तेज़ी की वजह ब्याज दरों में कमी और अच्छे कॉर्पोरेट नतीजों की उम्मीद रही। डाउ फ्यूचर्स में भी 100 अंकों की बढ़त रही, जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स 150 अंकों तक चढ़ा।
सोने में अच्छी तेज़ी
घरेलू बाज़ार में भी हलचल रही। सोने ने ₹1,01,344 का रिकॉर्ड स्तर बनाया जबकि चांदी ₹2,000 की बढ़त के साथ ₹1,10,000 के ऊपर बंद हुई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोना 0.5% और चांदी 1% चढ़ी। कच्चा तेल लगातार चौथे दिन गिरकर 69 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। एफआईआई ने लगातार 11वें दिन नकद बाजार में बिकवाली की। कल 2,500 करोड़ से अधिक की बिकवाली के बाद शॉर्ट कवरिंग के दम पर 700 करोड़ की शुद्ध खरीदारी हुई। घरेलू फंडों की खरीदारी लगातार 21वें दिन जारी रही, जिसमें 4,400 करोड़ के शेयर खरीदे गए।
तिमाही नतीजे मिले-जुले रहे
नतीजों की बात करें तो अरबिंदो फार्मा और सोना बीएलडब्ल्यू के प्रदर्शन ने निराश किया। डीएलएफ का प्रदर्शन मिला-जुला रहा जबकि बॉश के नतीजे अच्छे रहे। भारती एयरटेल और अदानी पोर्ट्स के नतीजे आज जारी होंगे। एफएंडओ सेगमेंट में ब्रिटानिया, ल्यूपिन, प्रेस्टीज एस्टेट्स और एनसीसी समेत 7 कंपनियों के नतीजों पर नज़र रहेगी। पेटीएम में आज 3,800 करोड़ की ब्लॉक डील हो सकती है। 1,020 रुपये के भाव पर पब्लिक शेयरहोल्डर एंटफिन अपनी पूरी 5.84% हिस्सेदारी बेचेगी। आईपीओ के मोर्चे पर, आदित्य इन्फोटेक आज लिस्ट होगी, जिसे 100 गुना से ज़्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था। इश्यू प्राइस ₹675 रखा गया है। लक्ष्मी इंडिया भी आज लिस्ट होगी।