Home खेल आईपीएल 2026: डीसी के सामने अपने घर में पंजाब किंग्स का विजय...

आईपीएल 2026: डीसी के सामने अपने घर में पंजाब किंग्स का विजय रथ रोकने की चुनौती, हेड-टू-हेड में कौन आगे?

1
0

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 35वां मुकाबला रविवार को दोपहर 3:30 से दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली में खेला जाएगा। अपने घरेलू मैदान पर डीसी जीत की राह पर लौटने के इरादे से खेलेगी।

दिल्ली कैपिटल्स को अपने पिछले 4 मैचों में 3 में हार का सामना करना पड़ा है। डीसी ने अपना पिछला मैच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 47 रन से गंवाया था। टीम सीजन में 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ 6 अंक लेकर छठे स्थान पर है। डीसी अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत की राह पर लौटने के लक्ष्य के साथ खेलेगी, जो आसान नहीं होने वाला है। पंजाब के खिलाफ डीसी को जीत के लिए कप्तानी, बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

पंजाब किंग्स का सीजन में शानदार प्रदर्शन रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब ने अभी तक एक भी मैच नहीं गंवाया है। पंजाब 6 मैचों में 5 जीत और एक रद्द मैच से 1 अंक लेकर कुल 11 अंक के साथ अंकतालिका में पहले स्थान पर है। पंजाब की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही संतुलित हैं, और डीसी की उसके घर में कड़ी परीक्षा लेने के लिए तैयार है।

मौसम की बात करें तो बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन बहुत गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है। अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के अनुकूल माना जाता है। डीसी-पीबीकेएस मैच में भी रनों की बारिश हो सकती है।

दोनों टीमों के बीच सीजन का यह पहला मुकाबला है। अब तक खेले गए 35 मुकाबलों में दोनों ही टीमों ने 17-17 मैच जीते हैं। एक मैच का परिणाम नहीं आया है।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here