Home मनोरंजन आलोचना मुझे बेहतर इंसान और कलाकार बनने में मदद करती है: पुलकित...

आलोचना मुझे बेहतर इंसान और कलाकार बनने में मदद करती है: पुलकित सम्राट

1
0

मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इसमें उनका नया अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इसी बीच अभिनेता ने अपने करियर, आलोचना और दर्शकों से मिलने वाले प्यार को लेकर खुलकर बात की।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में पुलकित ने कहा कि किसी भी कलाकार के लिए लोगों की राय बहुत मायने रखती है। चाहे तारीफ हो या आलोचना, दोनों ही चीजें कलाकार को आगे बढ़ने और बेहतर बनने में मदद करती हैं।

पुलकित सम्राट ने कहा, ”जब किसी कलाकार को उसके काम के लिए प्यार और सराहना मिलती है, तो वह उसके लिए एक ताकत की तरह काम करती है। दर्शकों की तारीफ कलाकार के अंदर नई ऊर्जा भरती है और अगली बार वह पहले से ज्यादा बेहतर काम करने की कोशिश करता है। इस दौरान वह हर छोटी चीज पर ध्यान देता है कि ऐसा क्या नया और चुनौतीपूर्ण किया जाए, जिससे दर्शकों को और ज्यादा पसंद आए।”

अभिनेता ने कहा, ”मैं खुद को लगातार बेहतर बनाने की कोशिश करता रहता हूं। मेरा मानना है कि एक कलाकार के लिए सीखना कभी खत्म नहीं होता। हर नया प्रोजेक्ट कुछ नया सिखाता है। मैं अपने हर किरदार में कुछ अलग करने की कोशिश करता हूं, ताकि लोग मुझे एक जैसे रोल में न देखें। दर्शकों की उम्मीदें बढ़ने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है और यही चीज मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।”

पुलकित सम्राट ने कहा, ”मैं पॉजिटिव और नेगेटिव दोनों तरह की आलोचना को स्वीकार करता हूं। अगर कोई व्यक्ति ईमानदारी से मेरे किसी काम में कमी बताता है, तो यह मेरे लिए फायदेमंद साबित होता है। आलोचना तभी गलत लगती है, जब वह व्यक्तिगत हमला बन जाए या किसी गलत सोच के साथ की जाए। अगर आलोचना सिर्फ काम को बेहतर बनाने के लिए हो, तो वह हमेशा स्वागत योग्य होती है।”

उन्होंने कहा, ”लोगों की राय मुझे बेहतर इंसान और बेहतर कलाकार बनने में मदद करती है। दर्शकों का प्यार और उनकी प्रतिक्रिया ही मेरे लिए सबसे बड़ी कमाई है। जब लोग मेरे काम की चर्चा करते हैं, तो मुझे और मेहनत करने का हौसला मिलता है। यही वजह है कि मैं हर नए प्रोजेक्ट में खुद को पहले से ज्यादा चुनौती देने की कोशिश करता हूं।”

–आईएएनएस

पीके/वीसी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here