Home खेल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर ‘संडे ऑन साइकिल’ के...

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर ‘संडे ऑन साइकिल’ के विशेष संस्करण का हुआ आयोजन

2
0

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत हर रविवार को मनाया जाने वाला ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें कई एथलीटों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का उद्देश्य इस बार बहुत खास था। इस बार संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन भारतीय सेना के सहयोग से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने और भारतीय सेना के विजय के उपलक्ष्य में मनाया गया।

भारतीय सेना ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए हमले का बदला लेते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पीओके स्थित आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को भी बड़ी क्षति पहुंचाई थी और दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया था। भारतीय सेना के इसी विजय का जश्न ‘संडे ऑन साइकिल’ में मनाया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के अलावा अन्य आयु वर्ग के स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई। एथलीट प्रिया मलिक और दीक्षा मलिक आयोजन का मुख्य आकर्षण रहीं। दोनों ने युवाओं को नियमित रूप से स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

पहलवान दीक्षा मलिक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम स्वास्थ्य के लिए बहुत ही अच्छा है। हर इंसान को चाहे वो किसी भी आयु वर्ग का हो, इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। इसमें रोमांच भी है और साथ ही साथ एकता का भाव भी बढ़ता है, जो देश को मजबूत बनाता है।”

संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम की शुरुआत भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के द्वारा दिसंबर 2024 में की गई थी। शुरुआत विभाग के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की थी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है। साइकिलिंग को मोटापे को कम करने के उद्देश्य से भी प्रचारित किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ, मजबूत और विकसित देश का निर्माण कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण भी है। साइिकिलिंग से पर्यावरण स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

–आईएएनएस

पीएके

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here