Home मनोरंजन ‘खतरों के खिलाड़ी’ के लिए तैयार गौरव खन्ना, बोले- रियलिटी शो में...

‘खतरों के खिलाड़ी’ के लिए तैयार गौरव खन्ना, बोले- रियलिटी शो में ट्रॉफी जीतना नहीं, सीखना मेरा मकसद

1
0

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। ‘बिग बॉस 19’ के विजेता व अभिनेता गौरव खन्ना रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ में नजर आएंगे। इस बीच उन्होंने बताया कि वह रियलिटी शो सिर्फ जीतने के लिए नहीं बल्कि भविष्य के किरदारों को बेहतर बनाने के लिए भी करते हैं, उनका मकसद सीखना जरूरी है।

गौरव खन्ना ने बताया, कि वह शो में हिस्सा लेते हुए प्रतिभागियों की पर्सनैलिटी को ध्यान से देखते हैं और उनके व्यक्तित्व के गुणों को अपने आने वाले रोल्स में इस्तेमाल करते हैं। आईएएनएस से बातचीत में गौरव खन्ना ने बताया, “एक एक्टर के तौर पर मैं लगातार लोगों को देखता रहता हूं। रियलिटी शो में भी अनजाने में ही सही, मैं सीख रहा होता हूं, देख रहा होता हूं और ऐसे अनुभव जमा कर रहा होता हूं जो भविष्य के किरदारों में मेरे काम आ सकते हैं।”

अभिनेता ने जोखिम उठाने और लगातार आगे बढ़ने पर जोर देते हुए कहा कि जिंदगी में रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ टिके रहने की बात नहीं है, बल्कि आगे बढ़ने की बात है। एक समय के बाद आप कुछ नया करना चाहते हैं और अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या से बाहर निकलना चाहते हैं।”

गौरव खन्ना फिलहाल रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने साफ किया कि वे इस शो में ट्रॉफी जीतने के इरादे से नहीं जा रहे हैं। गौरव ने बताया, “मैं एक-एक कदम करके धीरे-धीरे आगे बढ़ता हूं। खुद का आकलन करता रहता हूं कि क्या सही कर रहा हूं और क्या गलत। ‘खतरों के खिलाड़ी’ को लेकर पहले से कोई योजना नहीं बनाई जा सकती।”

अभिनेता का मानना है कि रियलिटी शो सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि सीखने और खुद को निखारने का भी बेहतरीन मंच है। उनका फोकस हमेशा शो से मिलने वाले अनुभव और सीख पर रहता है, न कि सिर्फ जीत पर।गौरव ने आगे बताया कि हर एपिसोड आपको अपने बारे में कुछ नया सिखाता है। ट्रॉफी बाद की बात है। उन्होंने ‘मास्टरशेफ’ और ‘बिग बॉस’ जैसे शोज में मिली अपनी सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि रियलिटी शो उन्हें नया नजरिया और अलग दर्शक वर्ग का प्यार मिलता है।

–आईएएनएस

एमटी/पीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here