नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 5 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में यह डीसी की इस सीजन में पहली जीत रही। कप्तान अक्षर पटेल टीम के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए।
आईपीएल 2026 में छठी जीत दर्ज करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, “घर पर जीतना जाहिर तौर पर खास होता है, खासकर हारने के बाद। फैंस हमें सपोर्ट करने आते हैं, इसलिए यह बहुत मायने रखता है। एक चीज बेहतर हुई है कि हम पहले लगातार विकेट गंवा रहे थे, लेकिन इस मुकाबले में हमारे सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की, जिसका फायदा दूसरे बल्लेबाजों को भी मिला। इसी वजह से हम मैच खत्म करने में कामयाब रहे।”
उन्होंने आगे कहा, “कई मुकाबलों में हमने पावरप्ले के बाद अच्छी गेंदबाजी करके शानदार वापसी की है। टाइम आउट के दौरान हमारी बातचीत होती है कि हम कभी भी वापसी कर सकते हैं। इस मुकाबले में भी हमने बीच के ओवरों में ऐसा ही किया। हमारे ‘युवा खिलाड़ी’ (मिचेल स्टार्क) ने इस मुकाबले में हमारे लिए ऐसा किया (हंसते हुए)। हम इस बारे में बात करते रहे कि नए बल्लेबाज के लिए कैसी फील्ड सेट करनी है और उनके लिए बल्लेबाजी को कैसे मुश्किल बनाना है।”
रविवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 193 रन बनाए। आरआर की तरफ से ध्रुव जुरेल ने 40 गेंदों में सर्वाधिक 53 रन बनाए। वहीं, कप्तान रियान पराग भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 26 गेंदों में 51 रन की दमदार पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 46 रन का योगदान दिया।
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने 194 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की तरफ से केएल राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि अभिषेक पोरेल ने 31 गेंदों में 51 रन का योगदान दिया। अक्षर पटेल 18 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, आशुतोष शर्मा 5 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद लौटे।
–आईएएनएस
एसएम/एएस








