Home मनोरंजन जब रैंडम लिंक पर क्लिक करने से हैक हो गया था सुधांशु...

जब रैंडम लिंक पर क्लिक करने से हैक हो गया था सुधांशु पांडे का इंस्टाग्राम, बोले- वो जिंदगी का ‘बड़ा सबक’

4
0

मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। ‘अनुपमा’ के वनराज शाह के रूप में मशहूर एक्टर सुधांशु पांडे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने की पुरानी घटना को याद किया। उन्होंने बताया कि रैंडम लिंक पर क्लिक करने की गलती से उन्हें बड़ा सबक मिला।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि कई साल पहले एक रैंडम लिंक पर क्लिक करने की वजह से उनका अकाउंट कुछ ही सेकंड में हैक हो गया था। सुधांशु ने कहा, “मैंने एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया और बस कुछ सेकंड में अकाउंट हैक हो गया। उस घटना के बाद मैंने खुद से वादा किया कि अब किसी भी लिंक पर तब तक क्लिक नहीं करूंगा, जब तक मुझे पूरी तरह पता न हो कि वह कहां से आया है और वह असली है या नहीं।”

सुधांशु सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अक्सर एक से बढ़कर एक पोस्ट करते रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें कभी फाइनेंशियल या डिजिटल स्कैम का शिकार नहीं होना पड़ा, लेकिन यह इंस्टाग्राम हैकिंग की घटना उनके लिए बड़ा सबक बन गई। एक्टर ने सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाले हर लिंक पर भरोसा नहीं करना चाहिए और हमेशा सतर्क रहना जरूरी है।

सुधांशु नए शो के ‘दो दुनिया एक दिल’ में नजर आने वाले हैं। इस शो में वह विक्रम सिंह चौहान और राची शर्मा के साथ काम कर रहे हैं। सुधांशु ने बताया कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट को इसलिए चुना, क्योंकि यहां उनका कैरेक्टर बहुत लेयर्ड और कॉम्प्लेक्स है। उन्होंने कहा, “हर शो में कुछ कैरेक्टर पॉजिटिव होते हैं, कुछ नेगेटिव। मेरा कैरेक्टर नेगेटिव शेड वाला है, लेकिन यह सीधा-सादा नेगेटिव नहीं है। इसमें कई लेयर्स हैं जो दर्शकों को हैरान करेंगे। मुझे नए किरदारों के जरिए कुछ नया एक्सप्लोर करना और दर्शकों को अनएक्सपेक्टेड मोमेंट्स देना पसंद है।”

सुधांशु ने आगे कहा कि उनकी कोशिश हमेशा ऐसे किरदार निभाने की होती है जो यादगार बनें। अगर दर्शक लंबे समय तक कैरेक्टर को याद रखते हैं और उससे जुड़ाव महसूस करते हैं तो यह एक एक्टर के लिए सबसे बड़ी कामयाबी होती है।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here