Home खेल तौहीद हृदोय की अर्धशतकीय पारी, बांग्लादेश ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को...

तौहीद हृदोय की अर्धशतकीय पारी, बांग्लादेश ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया

1
0

चटगांव, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने सोमवार को पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। बीर श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से मिले 183 रनों के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 18 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड से मिले 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। सैफ 16 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, तंजीद संघर्ष करते हुए नजर आए और उन्होंने 20 रन बनाने के लिए 25 गेंदें खेलीं। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे लिटन दास अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 15 गेंदों में 21 रन बनाने के बाद ईश सोढ़ी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

इसके बाद तौहीद हृदोय और परवेज हुसैन ने मोर्चा संभाला और दोनों ने चौथे विकेट के लिए मिलकर सिर्फ 28 गेंदों में 57 रन जोड़े। परवेज 14 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, हृदोय को शमीम हुसैन के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला। शमीम ने सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 31 रनों की शानदार पारी खेली।

उन्होंने हृदोय संग मिलकर 19 गेंदों में 49 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। हृदोय ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रनों की दमदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में ईश सोढ़ी ने 40 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, जोश क्लार्कसन और नाथन स्मिथ ने एक-एक विकेट निकाला।

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 182 रन लगाए। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम रोबिन्सन बिना खाता खोले रनआउट हुए। हालांकि, इसके बाद कैटेन क्लार्क और डेन क्लीवर ने दूसरे विकेट के लिए 88 रनों की अहम साझेदारी निभाई। क्लार्क ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, क्लीवर ने महज 28 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए।

टॉम लाथम की गैर-मौजूदगी में न्यूजीलैंड टीम की कमान संभाल रहे निक केली ने 27 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, अंत के ओवरों में जोश क्लार्कसन ने महज 14 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और एक छक्के समेत नाबाद 27 रन बनाए।

बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में रिशाद हुसैन ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 32 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। वहीं, मेहदी हसन, शोरिफुल इस्लाम और तंजीम हसन ने एक-एक विकेट चटकाया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here