आईपीएल 2025 का नया शेड्यूल सामने आ गया है। अब आईपीएल 2025 के बचे हुए मैच 17 मई से खेले जाएंगे और फाइनल मुकाबला 3 जून को खेला जाएगा. लेकिन आईपीएल 2025 का नया शेड्यूल आते ही एक बड़ा पेंच फंस गया है कि आईपीएल 2025 के मैच किन-किन दिनों के बीच खेले जाएंगे. वहीं, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद 11 जून से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के कुछ खिलाड़ी आईपीएल 2025 के मैच मिस कर सकते हैं।
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच होगी वनडे सीरीज
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज 29 मई से 3 जून तक खेली जानी है। ऐसे में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों पर बड़ा संशय पैदा हो सकता है। आईपीएल 2025 में खेलने वाले इंग्लैंड के बड़े नामों में जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर सैम कुरेन, विल जैक्स, फिल साल्ट और रीस टॉपले, मोइन अली शामिल हैं। वहीं वेस्टइंडीज के बड़े खिलाड़ियों में आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, निकोलस पूरन और रोमारियो शेफर्ड शामिल हैं। ऐसे में इनमें से कुछ खिलाड़ी वनडे सीरीज में खेल सकते हैं और आईपीएल 2025 के मैच मिस कर सकते हैं।
WTC 2025 का फाइनल 11 जून से शुरू होगा
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 का फाइनल 11 जून से ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीमें खिताब जीतने के लिए भिड़ती नजर आएंगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी आईसीसी टूर्नामेंट का फाइनल खेलने के लिए आईपीएल 2025 से ब्रेक ले सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स और जोश हेजलवुड आरसीबी के लिए खेलते हैं। इन खिलाड़ियों की वापसी न होना दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी के लिए झटका हो सकता है क्योंकि वे गेंदबाजी क्रम की रीढ़ हैं और अपने दम पर मैच जीतने की क्षमता रखते हैं।








