Home टेक्नोलॉजी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं, पीआईबी फैक्ट-चेक यूनिट ने खारिज...

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं, पीआईबी फैक्ट-चेक यूनिट ने खारिज किया सोशल मीडिया पोस्ट का दावा

2
0

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत आने वाले प्रेस इन्फॉरमेशन ब्यूरो (पीआईबी) की फैक्ट चेक यूनिट ने बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 12.50 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है।

पीआईबी फैक्ट चेक ने कहा कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है।

पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,”सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का दावा करने वाला आदेश फर्जी है। भारत सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है।”

पीआईबी फैक्ट चेक ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया गया कि वे ऐसी जानकारी की पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही करें और अपुष्ट दावों को साझा करने से बचें।

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि खुदरा ईंधन की कीमतों में वृद्धि का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों के बीच नागरिकों की चिंताओं को शांत करने का प्रयास किया, जिसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर पड़ा है।

यहां एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें फिलहाल अपरिवर्तित रहेंगी, हालांकि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं को आवश्यक ईंधनों की पर्याप्त उपलब्धता का आश्वासन भी दिया।

शर्मा ने कहा, “एलपीजी, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है, इसलिए घबराएं नहीं।” उनके अनुसार, सरकार ने घरेलू एलपीजी और पीएनजी उपभोक्ताओं के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की है।

सरकार का यह आश्वासन ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया, जो एक प्रमुख तेल उत्पादक क्षेत्र है, में अनिश्चितता के कारण वैश्विक तेल बाजार अस्थिर बने हुए हैं।

–आईएएनएस

एबीएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here