पेरिस, 25 मई (आईएएनएस)। फ्रेंच ओपन 2026 में विमेंस सिंगल्स ड्रॉ के पहले दिन सोमवार को चीन की किन्वेन झेंग पहले ही राउंड में अप्रत्याशित रूप से बाहर हो गईं, जबकि इटली की जैस्मीन पाओलिनी ने अगले राउंड में जगह बनाई।
दिन का सबसे बड़ा उलटफेर कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर देखने को मिला, जहां पोलैंड की क्वालीफायर माजा च्वालिंस्का ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 5वीं वरीयता प्राप्त झेंग को 6-4, 6-0 से हराया। यह मैच 1 घंटे 30 मिनट तक चला।
मुकाबले की शुरुआत काफी रोमांचक रही, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने पहले सेट में 4-4 की बराबरी तक पहुंचने के लिए एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी। इसके बाद च्वालिंस्का ने मैच पर पूरी तरह से अपना नियंत्रण बना लिया और लगातार 8 गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
क्वालीफाइंग राउंड में बगैर कोई सेट हारे यहां तक पहुंचीं बाएं हाथ की इस खिलाड़ी ने पेरिस में अपनी शानदार लय को जारी रखा। पिछले महीने ओइरास में डब्ल्यूटीए 125 का खिताब जीतने के बाद, उन्होंने क्ले-कोर्ट पर अपनी मजबूत पकड़ को एक बार फिर साबित कर दिया। यह किसी भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में उनकी सिर्फ दूसरी जीत थी। इस बड़े मंच पर किसी शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के खिलाफ उनकी पहली जीत थी।
झेंग के लिए, यह हार पेरिस में एक अप्रत्याशित और जल्द हुई विदाई साबित हुई। सोमवार से पहले, इस चीनी स्टार को फ्रेंच ओपन के पहले राउंड में कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा था। साल 2022 में अपने पहले ही ग्रैंड स्लैम में वे चौथे राउंड तक पहुंची थीं। पिछले साल क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय किया था। यह उनके 16 ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स में पहले राउंड में मिली चौथी हार थी।
दूसरी तरफ, 13वीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी ने बेहद संयमित प्रदर्शन करते हुए यूक्रेन की डायाना यास्ट्रेमस्का को 7-5, 6-3 से मात दी। यह मुकाबला 1 घंटे 40 मिनट तक चला। मुकाबले बीच में उनकी प्रतिद्वंद्वी ने कुछ देर के लिए जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन पाओलिनी ने उस दबाव को झेलते हुए सीधे सेटों में जीत हासिल कर ली।
पाओलिनी दोनों ही सेटों की शुरुआत में बढ़त पर थीं, लेकिन उन्हें मैच के रुख में आए बदलावों से उबरना पड़ा। खासकर पहले सेट में, जहां वे लगातार चार गेम हार गई थीं, लेकिन उसके बाद लगातार 7 गेम जीतकर मैच पर अपना नियंत्रण बना लिया। इसके बाद दूसरे सेट में भी उन्होंने अपना संयम बनाए रखा और आसानी से जीत अपने नाम कर ली।
यह किसी बड़े टूर्नामेंट के पहले राउंड में पाओलिनी की लगातार 9वीं जीत है। साल 2024 के फ्रेंच ओपन की फाइनलिस्ट, यह इटैलियन खिलाड़ी अब उन सिर्फ 3 खिलाड़ियों में से एक बन गई हैं, जो पिछले नौ महिला ग्रैंड स्लैम इवेंट्स में दूसरे राउंड तक पहुंची हैं। उनसे पहले इगा स्वियातेक और एलेना रायबाकिना ने ऐसा किया था। तीसरे राउंड में जगह बनाने के लिए अब उनका मुकाबला अर्जेंटीना की सोलाना सिएरा से होगा।
–आईएएनएस
आरएसजी








