Home मनोरंजन मर्डर मिस्ट्री सुलझाने निकले शेन निगम, ‘ड्रिडम’ में निभाएंगे युवा पुलिस अफसर...

मर्डर मिस्ट्री सुलझाने निकले शेन निगम, ‘ड्रिडम’ में निभाएंगे युवा पुलिस अफसर का किरदार

1
0

चेन्नई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। मलयालम सिनेमा में इन दिनों क्राइम थ्रिलर फिल्मों का अलग ही दौर देखने को मिल रहा है। दर्शक अब ऐसी कहानियां पसंद कर रहे हैं, जिनमें रहस्य, सस्पेंस और भावनाओं का मेल हो। ऐसे में निर्देशक मार्टिन जोसेफ की आने वाली फिल्म ‘ड्रिडम’ काफी चर्चाओं में बनी हुई है।

फिल्म में अभिनेता शेन निगम मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। इस बीच फिल्म के निर्माताओं ने उनके किरदार का खुलासा किया, जिसके बाद फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। शेन निगम एक ऐसे युवा पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे अपने करियर की शुरुआत में ही एक रहस्यमयी केस का सामना करना पड़ता है।

फिल्म का निर्माण कर रही ‘ई4 एंटरटेनमेंट’ ने इंस्टाग्राम पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि शेन निगम फिल्म में सब इंस्पेक्टर विजय राधाकृष्णन का किरदार निभा रहे हैं।

प्रोडक्शन हाउस ने कहा, ”शेन निगम का किरदार विजय राधाकृष्णन एक साधारण युवा अधिकारी है, लेकिन हालात के दबाव में वह खुद को साबित करने के लिए मजबूर हो जाता है। यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

फिल्म के रिलीज डेट के सामने आने से पहले इसका ट्रेलर जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

ट्रेलर में दिखाया जाता है कि विजय राधाकृष्णन नाम का युवा पुलिस अधिकारी अपनी पहली पोस्टिंग पर एक ऐसे इलाके में पहुंचता है, जिसे शांत और अपराध मुक्त माना जाता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई देता है। पुलिस स्टेशन के कर्मचारी भी उसका पूरा सहयोग करते हैं और उसकी नई नौकरी अच्छी तरह आगे बढ़ती नजर आती है। लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब एक दिन एक सुनसान जगह पर एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव मिलता है।”

इस हत्या के मामले की जांच विजय राधाकृष्णन और उसकी टीम को सौंपी जाती है। शुरुआत में पुलिस को लगता है कि मामला जल्दी सुलझ जाएगा, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ केस और उलझता चला जाता है। पुलिस को कोई ठोस सबूत नहीं मिलता और मामला लंबे समय तक अनसुलझा बना रहता है। धीरे-धीरे मीडिया इस केस को बड़ा मुद्दा बना देती है। हर तरफ पुलिस की आलोचना शुरू हो जाती है और इस दबाव का असर सीधे विजय राधाकृष्णन पर पड़ता है।

कहानी में आगे पुलिस विभाग के बड़े अधिकारी विजय राधाकृष्णन को सिर्फ एक हफ्ते के भीतर केस सुलझाने का आदेश देते हैं। अब उसके सामने अपनी नौकरी, सम्मान और काबिलियत साबित करने की चुनौती खड़ी हो जाती है। फिल्म इसी संघर्ष, दबाव और रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी।

–आईएएनएस

पीके/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here