Home खेल महिला बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में वोल्वार्ड्ट को फायदा, तीसरे स्थान पर...

महिला बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में वोल्वार्ड्ट को फायदा, तीसरे स्थान पर पहुंचीं

1
0

दुबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने आईसीसी विमेंस टी20 प्लेयर्स रैंकिंग में अपने करियर की सबसे ऊंची रेटिंग हासिल कर ली है। वोल्वार्ड्ट हाल ही में भारत के खिलाफ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रही थीं।

लौरा वोल्वार्ड्ट ने मौजूदा आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप चैंपियन के खिलाफ पांच पारियों में 82.50 की औसत के साथ 330 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। सीरीज को साउथ अफ्रीका ने 4-1 से अपने नाम किया था।

लौरा वोल्वार्ड्ट टी20आई बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। अब वह ‘नंबर 1’ पर काबिज जॉर्जिया वोल से ठीक पीछे हैं। शानदार फॉर्म में चल रही इस साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी ने अपने हालिया दमदार प्रदर्शन की बदौलत अपने करियर की सबसे ऊंची रेटिंग हासिल की है।

भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई इस सीरीज के बाद रैंकिंग में ऊपर चढ़ने वाली खिलाड़ियों में वोल्वार्ड्ट अकेली नहीं हैं। उनके अलावा, ऋचा घोष 2 पायदान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर और सुने लुस 6 स्थान की छलांग लगाकर 29वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

शीर्ष टी20आई गेंदबाजों की सूची में मुकाबला अभी भी कड़ा बना हुआ है। इस सूची में पाकिस्तानी स्पिनर सादिया इकबाल सबसे आगे हैं। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे पायदान पर पहुंच गई हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर आ गई हैं। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से होगी, जिससे पहले ये दोनों खिलाड़ी संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर काबिज हैं।

टॉप-10 खिलाड़ियों की सूची से ठीक बाहर, भारत की युवा खिलाड़ी श्री चरणी ने अपने करियर की सबसे ऊंची रैंकिंग हासिल की है। बेनोनी में साउथ अफ्रीकी टीम के खिलाफ सीरीज के आखिरी मैच में 2 विकेट लेने के बाद, वह 12 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेली गई घरेलू सीरीज के बाद वनडे रैंकिंग को अपडेट कर दिया गया है, जिसमें बांग्लादेश की कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार हुआ है।

बांग्लादेश की अनुभवी खिलाड़ी निगार सुल्तान तीन स्थान ऊपर चढ़कर 35वें पायदान पर और शोभना मोस्तरी पांच स्थान ऊपर चढ़कर 45वें स्थान पर पहुंच गई हैं। इस बीच, वनडे बॉलिंग रैंकिंग में नाहिदा अख्तर दो पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं। मारूफा अख्तर छह स्थान ऊपर चढ़कर 37वें स्थान पर आ गई हैं।

श्रीलंकाई कप्तान चामरी अट्टापट्टू वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में 7 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 34वें स्थान पर आ गई हैं। उनकी साथी हर्षिता समरविक्रमा 3 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 20वें स्थान पर हैं।

–आईएएनएस

आरएसजएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here