Home मनोरंजन ‘मैं सिर्फ भगवान को याद कर रही थी’, अक्षय कुमार के मजाक...

‘मैं सिर्फ भगवान को याद कर रही थी’, अक्षय कुमार के मजाक से जब डर के मारे कांप उठीं भूमि पेडनेकर

1
0

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड सितारों की जिंदगी जितनी चमकदार पर्दे पर दिखाई देती है, उसके पीछे उतने ही मजेदार और यादगार किस्से भी छिपे होते हैं। फिल्मों की शूटिंग के दौरान कलाकार कई बार ऐसे अनुभवों से गुजरते हैं, जिन्हें वह सालों बाद भी याद करके हंस पड़ते हैं।

इस बीच, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भी ऐसा ही दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता अक्षय कुमार ने उनके साथ ऐसा मजाक किया था, जिससे वह बुरी तरह डर गई थीं।

यह खुलासा भूमि पेडनेकर ने क्विज रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में किया। शो में बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ की शूटिंग से जुड़ा एक अनुभव साझा किया।

भूमि पेडनेकर ने कहा, “मुझे तेज रफ्तार से बहुत डर लगता है, खासकर बाइक पर बैठकर तेज चलना मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है। ये बात अक्षय को कहीं से पता चल गई। शूटिंग के दौरान एक दिन अक्षय ने मुझसे पूछा कि क्या तुम्हें बाइक से डर लगता है। इस पर मैंने बताया है – ‘हां…बाइक की तेज स्पीड से बहुत ज्यादा डरती हूं।’

भूमि ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी थी कि फिल्म में कोई खतरनाक बाइक स्टंट नहीं रखा गया था। लेकिन शायद अक्षय उस समय उनके साथ प्रैंक करने के मूड में थे।

भूमि ने कहा, “पहले तो अक्षय कुमार ने मुझे भरोसा दिलाया कि डरने जैसी कोई बात नहीं है। वह आराम से बाइक चला रहे थे, सब कुछ नॉर्मल लग रहा था। लेकिन अचानक अक्षय ने मुझसे कसकर पकड़ने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने बाइक की रफ़्तार तेज़ कर दी। यह देखकर मैं बुरी तरह घबरा गई।”

उन्होंने कहा, ”उस पल मैं बहुत डर गई थीं। मेरा शरीर जैसे जम सा गया था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। डर के मारे मैं सिर्फ भगवान को याद कर रही थीं और यही प्रार्थना कर रही थीं कि सब ठीक रहे।”

इस पुराने किस्से को याद करते हुए शो के होस्ट और अभिनेता अक्षय कुमार भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

–आईएएनएस

पीके/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here