Home मनोरंजन रानी चटर्जी को स्कूल के बच्चों ने दिलाई पुराने दिनों की याद,...

रानी चटर्जी को स्कूल के बच्चों ने दिलाई पुराने दिनों की याद, बोली- ऑटोग्राफ देते हुए पुराने दिन याद आ गए

5
0

मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री रानी चटर्जी आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। अपनी शानदार एक्टिंग से लाखों दिलों पर राज करने वाली रानी ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए पुराने दिनों को याद किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह स्कूल के बच्चों को ऑटोग्राफ देती नजर आ रही हैं। इस पल ने अभिनेत्री को पुराने जमाने की याद दिला दी, जब ऑटोग्राफ लेना एक खास ट्रेंड हुआ करता था।

रानी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, “पन्द्रह साल पहले ऑटोग्राफ का जमाना था, फिर फोटोग्राफ का दौर आया। अब लोग फोटो लेते हैं। आज इस पल को फिर से जीया। मुझे याद भी नहीं कि मैंने आखिरी बार ऑटोग्राफ कब दिया था। प्यारे स्कूल के बच्चे अपनी किताबों पर ऑटोग्राफ मांग रहे थे। सचमुच, पुराने दिन याद आ गए, जब टेक्नोलॉजी का इतना बोलबाला नहीं था।”

इस पोस्ट के जरिए रानी ने न केवल अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, बल्कि उस दौर को भी याद किया जब लोग ऑटोग्राफ के लिए उत्साहित रहते थे।

रानी ने इस वीडियो में भोजपुरी फिल्म ‘मुन्ना पांडे बेरोजगार’ का गाना ‘दौलत हमार लेला’ ऐड किया। यह गाना भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और गायक मनोज तिवारी की आवाज में है। गाने के बोल बिपिन बहार ने लिखे हैं, जबकि संगीत लाल सिन्हा ने दिया है। इसे टी-सीरीज के बैनर तले रिलीज किया गया था।

‘मुन्ना पांडे बेरोजगार’ साल 2007 में रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन एम.के. जेन ने किया था। इस फिल्म में रानी चटर्जी के साथ रंजीत बेदी, रजा मुराद, कमाल राशिद खान और मनोज तिवारी जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में थे।

रानी चटर्जी ने भोजपुरी सिनेमा में अपनी मेहनत और प्रतिभा से एक अलग मुकाम हासिल किया है। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ अपनी जिंदगी के खास पल साझा करती हैं।

–आईएएनएस

एनएस/डीएससी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here