Home खेल श्रेयस अय्यर के नाम रिकॉर्ड, बतौर कप्तान 100 आईपीएल मैच खेलने वाले...

श्रेयस अय्यर के नाम रिकॉर्ड, बतौर कप्तान 100 आईपीएल मैच खेलने वाले 5वें खिलाड़ी

1
0

धर्मशाला, 17 मई (आईएएनएस)। बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर के नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड जुड़ गया है। अय्यर रविवार को एचपीसीए स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ जब मुकाबले में उतरे, तो कप्तान के तौर पर यह उनका ‘100वां आईपीएल मैच’ था। अय्यर इस मुकाम को हासिल करने वाले 5वें खिलाड़ी बन गए हैं।

31 वर्षीय श्रेयस अय्यर ने आईपीएल इतिहास में अब तक दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की कमान संभाली है। इस दौरान अय्यर ने 54 मुकाबलों में जीत दर्ज की और 40 में हार का सामना करना पड़ा। 2 मैच टाई पर समाप्त हुए, जबकि 3 मैच बेनतीजा रहे।

अय्यर ने सबसे पहले 2018 में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी और 41 मुकाबलों में फ्रेंचाइजी की कप्तानी करते हुए उसे 2020 में उसके पहले आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया था। इसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स में चले गए, जहां 2022 से 2024 के बीच 29 मुकाबलों में टीम की कप्तानी की और 2024 में आईपीएल का खिताब जीतकर फ्रेंचाइजी का लंबे समय से चला आ रहा ट्रॉफी का इंतजार खत्म किया।

पंजाब किंग्स के साथ उनके नए सफर में भी टीम आईपीएल 2025 के फाइनल तक पहुंची। इसके साथ ही अय्यर आईपीएल के इतिहास में ऐसे अकेले कप्तान हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग टीमों को टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचाया है।

बतौर कप्तान सर्वाधिक आईपीएल मैच खेलने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 235 मुकाबलों में 136 जीत दर्ज की है। इस दौरान 97 मैच में हार का सामना करना पड़ा। माही ने अपने करियर में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार आईपीएल चैंपियन बनाया। इसके अलावा, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कमान संभाली।

इस लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस को कप्तान के तौर पर 5 खिताब जिताए हैं। रोहित ने इस टीम के लिए 158 मुकाबलों में कप्तानी की, जिसमें 87 जीते और 67 हारे।

तीसरे पायदान पर मौजूद विराट कोहली ने 143 मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कमान संभाली, जिसमें 66 जीते और 70 में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, गौतम गंभीर 129 मुकाबलों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं, जिन्होंने 71 मुकाबलों में जीत दर्ज की और 57 में हार का सामना किया।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here