Home मनोरंजन हॉलीवुड एक्ट्रेस जेंडाया की इस साल तीन फिल्में होंगी रिलीज, व्यस्त शूटिंग...

हॉलीवुड एक्ट्रेस जेंडाया की इस साल तीन फिल्में होंगी रिलीज, व्यस्त शूटिंग शेड्यूल से हो गई थीं थककर चूर

1
0

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल की जा चुकी अमेरिकन एक्ट्रेस जेंडाया कई बड़े प्रोजेक्ट कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह एक साथ ‘द ओडिसी’, ड्यून पार्ट थ्री और यूफोरिया के तीसरे सीजन की शूटिंग संभाल रही थीं और बहुत थक गई थीं।

डेडलाइन डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, जेंडाया ने अपने हेक्टिक शेड्यूल के बारे में बताया कि उन्हें यूफोरिया के सेट पर काम करते हुए काफी थकान महसूस होती थी। उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि मैं यूफोरिया के सेट पर थी। रात में एक रैंच पर शूटिंग चल रही थी। मैं बहुत थकी हुई थी, लेकिन साथ ही ड्यून पार्ट थ्री के लिए चाकोबसा भाषा की लाइनें भी सीख रही थीं। फिर मैं ‘द ओडिसी’ के लिए अपनी लाइनों को लिखकर याद कर रही थी, क्योंकि मुझे जल्दी ही आइसलैंड जाना था।”

उन्होंने आगे कहा, “द ओडिसी में मेरी बहुत ज्यादा लाइनें नहीं हैं, लेकिन मैं क्रिस्टोफर नोलन के साथ काम कर रही थी। जिंदगी की सबसे शर्मनाक बात यही होती कि मैं अपनी लाइनें भूल जाऊं और एक बार ऐसा हुआ भी।”

पिछले महीने द ड्रामा के प्रीमियर के बाद जेंडाया फिलहाल सैम लेविंसम की सीरीज यूफोरिया में ‘रू बेनट’ किरदार दोबारा निभाती नजर आ रही हैं।

जेंडाया 17 जुलाई को रिलीज होने वाली द ओडिसी में एथेना की भूमिका में दिखाई देंगी। इसके बाद, 31 जुलाई को स्पाइडर मैन-द ब्रैंड न्यू डे रिलीज होगी, जिसमें वह एमजे के किरदार में वापसी करेंगी। इसके अलावा वह ड्यून पार्थ थ्री में चानी के रोल में लौटेंगी, जो 18 दिसंबर को रिलीज होगी।

मार्च में जेंडाया ने कहा था कि अपने व्यस्त साल के बाद वह कुछ समय के लिए गायब होने वाली हैं। उन्होंने मजाक में कहा, “मुझे उम्मीद है कि आप लोग इस साल मुझसे बोर नहीं होंगे, क्योंकि मुझे थोड़े समय के लिए छिपना पड़ेगा।”

जेंडाया को पहली बड़ी पहचान सिटकॉम ‘शेक इट अप’ में रॉकी ब्लू के किरदार से मिली थी। उन्होंने फिल्मों में डेब्यू स्पाइडर मैन-होम कमिंग में मिशेल के किरदार से किया। इसके बाद उन्होंने स्पाइडर मैन फार फ्रॉम होम, स्पाइडर मैन: नो वे होम और स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे में भी यही भूमिका निभाई।

–आईएएनएस

पीके/वीसी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here