Home मनोरंजन जब डीजे के तौर पर काम करते थे पॉल रड, अभिनेता ने...

जब डीजे के तौर पर काम करते थे पॉल रड, अभिनेता ने शेयर किया अपना अनुभव

2
0

लॉस एंजिल्स, 25 मई (आईएएनएस)। हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पॉल रड इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘पावर बैलाड’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के बीच उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए एक दिलचस्प खुलासा किया है। पॉल रड ने बताया कि एक्टर बनने से पहले वह डीजे के तौर पर काम किया करते थे और अलग-अलग पार्टियों में जाकर लोगों को म्यूजिक के जरिए एंटरटेन करते थे।

पॉल रड ने न्यूयॉर्क सिटी में एक फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान बताया, ”जब मैं स्कूल में था, तब सिर्फ वीकेंड पर काम करने की अनुमति मिलती थी। ऐसे में मैंने शादी, जन्मदिन और बार-मिक्वा जैसी पार्टियों में डीजे के तौर पर काम करना शुरू किया। मैंने लगभग एक साल तक यह काम किया और इस दौरान मैंने सीखा कि अलग-अलग उम्र और लोगों के हिसाब से म्यूजिक कैसे बदला जाता है ताकि हर कोई डांस फ्लोर पर जुड़ सके।”

उन्होंने कहा, ”अगर पार्टी में बच्चे ज्यादा होते थे तो मैं एमसी हैमर का मशहूर गाना ‘कांट टच दिस’ बजाता था। वहीं अगर बुजुर्गों को एंटरटेन करना होता था तो मैं पुराने दौर के मशहूर म्यूजिशियन ग्लेन मिलर के गाने चलाता था।

पॉल रड ने बताया, ”1990 के दशक में जब मैं एक्टिंग में कदम रख रहा था, तब मैं कई छोटे-मोटे काम करता था। मैंने 1991 में एक निंटेंडो विज्ञापन में भी काम किया था, लेकिन उस समय मैंने खुद में कोई बड़ा बदलाव महसूस नहीं किया था। उस दौर में न तो सोशल मीडिया था और न ही इंटरनेट, इसलिए लोकप्रियता धीरे-धीरे बढ़ती थी और तुरंत पहचान मिलना मुश्किल था।”

बता दें कि पॉल रड को असली लोकप्रिय फिल्म ‘क्लूलेस’ के जरिए मिली। इस फिल्म के बाद से लोग उन्हें पहचानने लगे थे।

नई फिल्म ‘पावर बैलाड’ में पॉल रड के साथ निक जोनास भी नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में दोनों कलाकार एक-दूसरे के बिल्कुल अलग किरदार निभा रहे हैं, जिसमें एक मशहूर सिंगर और दूसरा वेडिंग बैंड म्यूजिशियन है। कहानी में दोनों के बीच एक गाने को लेकर टकराव होता है, क्योंकि सिंगर का किरदार दूसरे के आइडिया को लेकर उसे हिट बना देता है। यही विवाद फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है।

फिल्म के प्रमोशन के दौरान पॉल रड ने निक जोनस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ”निक एक अच्छे सिंगर होने के साथ-साथ एक बेहतरीन अभिनेता भी हैं। निक के साथ काम करना शानदार रहा और पहले ही दिन से हमारे बीच अच्छा तालमेल बन गया था। निक की एक्टिंग में एक खास बात यह है कि वह बिना बोले भी अपनी आंखों और चेहरे के भावों से पूरी कहानी कह देते हैं।”

–आईएएनएस

पीके/एएस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here