एशिया कप 2025 में पाकिस्तान टीम को भारत के हाथों 2 बार हार का सामना करना पड़ा है। पहले सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने लीग मैच में पाकिस्तान को हराया और फिर सुपर-4 में भी पाकिस्तान को धूल चटाई। 2022 से अब तक टीम इंडिया ने बड़े टूर्नामेंटों में पाकिस्तान को 7 बार हराया है। टी20 से लेकर वनडे विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी तक, पाकिस्तान को भारत के हाथों मुंह की खानी पड़ी है। वहीं, अब उनके पूर्व कप्तान इमरान खान ने जेल से ही टीम इंडिया को हराने का एक अनोखा फॉर्मूला पाकिस्तान टीम को भेजा है।
इमरान खान का पाकिस्तान टीम के लिए अनोखा फॉर्मूला
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेल में बंद पाकिस्तान टीम के पूर्व चैंपियन कप्तान इमरान खान ने पाकिस्तान टीम और बोर्ड पर तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान टीम भारत को तभी हरा सकती है जब पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और सेना प्रमुख असीम मुनीर टीम के लिए ओपनिंग में आकर बल्लेबाजी करें। यह खुलासा उनकी बहन अलीमा खान ने किया। इमरान खान की बहन का कहना है कि पाकिस्तान के पूर्व मुख्य न्यायाधीश काजी फैज ईसा और मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा को मैच में अंपायर होना चाहिए।
सुपर-4 में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया
एशिया कप 2025 में सुपर-4 का दूसरा मैच 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। टीम इंडिया ने यह मैच 6 विकेट से जीत लिया। इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए और टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 172 रनों का लक्ष्य रखा। इसके बाद भारतीय टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों की खूब धुनाई की।
इस मैच में अभिषेक शर्मा ने महज 39 गेंदों पर 74 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं, शुभमन गिल ने 28 गेंदों पर 47 रन बनाए। अंत में तिलक वर्मा ने 30 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई।एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और दोनों ही मैचों में टीम इंडिया ने उसे हराया।








