सैमसंग का अगला फ्लैगशिप स्मार्टफोन गैलेक्सी S26 अल्ट्रा अब तक की सबसे उन्नत तकनीक के साथ आने वाला है। हाल ही में पता चला है कि इसमें एक खास AI-पावर्ड प्राइवेसी डिस्प्ले फ़ीचर हो सकता है। इसका मतलब है कि अगर आप सार्वजनिक जगह पर फ़ोन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो कोई और आपकी स्क्रीन पर क्या है, यह नहीं देख पाएगा।
फ्लेक्स मैजिक पिक्सल तकनीक का इस्तेमाल
टिप्स्टर यूनिवर्स आइस के अनुसार, इस फ़ोन की स्क्रीन में फ्लेक्स मैजिक पिक्सल नाम की एक तकनीक होगी। इसे सबसे पहले MWC 2024 में दिखाया गया था। इस फ़ीचर को ऑन करने पर स्क्रीन का कंटेंट साइड से दिखाई नहीं देगा। यानी आपके बगल में खड़े लोग आपकी स्क्रीन नहीं देख पाएंगे। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे लोग अलग से प्राइवेसी स्क्रीन प्रोटेक्टर खरीदते हैं, बस फ़र्क़ इतना है कि यह फ़ीचर फ़ोन में ही इनबिल्ट होगा और आप इसे जब चाहें एक्टिवेट कर सकते हैं।
मैन्युअल और मैक्सिमम मोड
गैलेक्सी S26 अल्ट्रा में इस फ़ीचर के दो मोड मिलेंगे, मैनुअल और मैक्सिमम। मैनुअल मोड में आप इसे अपनी ज़रूरत के हिसाब से ऑन या ऑफ कर पाएंगे। वहीं, मैक्सिमम मोड ऑन करने से स्क्रीन की ब्राइटनेस भी कम हो जाएगी, जिससे प्राइवेसी और मज़बूत होगी। खास बात यह है कि यूज़र चुन सकता है कि यह फ़ीचर किन ऐप्स के लिए एक्टिवेट हो और इसे डेली शेड्यूल पर भी सेट किया जा सकता है।
वन यूआई 8.5 में मिले सबूत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वन यूआई 8.5 के कोड में भी इस फ़ीचर से जुड़े कई संदर्भ मिले हैं। इसमें साफ़ लिखा है कि यह फ़ीचर साइड एंगल से स्क्रीन विज़िबिलिटी को सीमित करता है, ताकि यूज़र की प्राइवेसी बनी रहे। इतना ही नहीं, यह फ़ीचर अपने आप भी ऑन हो सकता है, खासकर जब आप भीड़-भाड़ वाली जगहों पर हों या संवेदनशील ऐप्स (जैसे बैंकिंग ऐप्स) का इस्तेमाल कर रहे हों।
गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा का यह नया प्राइवेसी डिस्प्ले फ़ीचर उन यूज़र्स के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है जो अक्सर बाहर काम करते हैं या अपनी स्क्रीन को लेकर ज़्यादा सतर्क रहते हैं।








