Home मनोरंजन कुमार सानू ने अपने गुरु और प्रेरणा किशोर कुमार का पसंदीदा गाना...

कुमार सानू ने अपने गुरु और प्रेरणा किशोर कुमार का पसंदीदा गाना किया शेयर

1
0

मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। पुराने गानों की रूहानी धुन और गायकों का जादू आज भी संगीत प्रेमियों के सिर चढ़कर बोलता है। मंगलवार को गायक कुमार सानू ने इंस्टाग्राम पर अपने गुरु और प्रेरणा किशोर कुमार का गाना ‘पल पल दिल के पास’ गाते हुए अपना एक पुराना वीडियो पोस्ट किया।

गायक ने वीडियो को पोस्ट करते हुए किशोर कुमार को अपना आदर्श बताया। उन्होंने लिखा, “मैं अपने आदर्श किशोर कुमार का मशहूर गाना पल पल दिल के पास गा रहा हूं। वो हमेशा से मेरी प्रेरणा रहे हैं और जब भी मैं उनका गाना गाता हूं, तो मुझे संगीत के जादू के और करीब महसूस होता है। उम्मीद है कि यह पुरानी याद आज आपके चेहरे पर मुस्कान लेकर आएगी।”

सानू की सुरीली आवाज में किशोर दा के इस क्लासिक गीत को सुनकर फैंस कमेंट सेक्शन में अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

सॉन्ग ‘पल पल दिल के पास’ 1973 की फिल्म ‘ब्लैकमेल’ का एक सदाबहार रोमांटिक गाना है, जिसे किशोर कुमार ने गाया है। इसमें धर्मेंद्र और राखी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। यह गाना अपने रूमानी अंदाज के लिए बेहद मशहूर है। यह गाना आज भी प्रेम के इजहार के लिए भारतीय सिनेमा के सबसे क्लासिक गानों में से एक माना जाता है।

विजय आनंद द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ब्लैकमेल’ एक म्यूजिकल थ्रिलर है, जिसमें धर्मेंद्र, राखी और शत्रुघ्न सिन्हा थे।

यह एक वैज्ञानिक कैलाश (धर्मेंद्र) की कहानी है जो एक औद्योगिक घराने की बेटी (राखी) से शादी करता है। शादी के बाद, उसे पता चलता है कि उसकी पत्नी के पूर्व मंगेतर (शत्रुघ्न सिन्हा) के साथ संबंध थे, जो ब्लैकमेल का कारण बनता है। कहानी में मोड़ तब आता है जब एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह कैलाश के सौर ऊर्जा फॉर्मूले को चुराने की कोशिश करता है।

यह फिल्म अपने सुपरहिट गानों और रोमांस-थ्रिलर के मिश्रण के लिए जानी जाती है। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन करने वाली मानी गई, लेकिन अपने बेहतरीन संगीत और निर्देशन के कारण यह 70 के दशक की यादगार फिल्मों में से एक है।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here