Home खेल केरल: ‘फीफा वर्ल्ड कप’ से पहले मलप्पुरम में ‘कबाड़’ से अनूठी कलाकृति...

केरल: ‘फीफा वर्ल्ड कप’ से पहले मलप्पुरम में ‘कबाड़’ से अनूठी कलाकृति तैयार, 6 हजार प्लास्टिक बोतलों का इस्तेमाल

1
0

मलप्पुरम (केरल), 23 मई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है। ऐसे में मलप्पुरम नगर पालिका ने शानदार तरीके से फुटबॉल के इस महाकुंभ का स्वागत किया है। कुन्नुम्मल के डिवाइडर पर एक विशाल कलाकृति लगाई गई है, जिसमें एक फुटबॉल और बूट पहने एक पैर को ‘बाइसाइकिल किक’ मारते हुए दिखाया गया है। यह कलाकृति पूरी तरह से बेकार प्लास्टिक की बोतलों से तैयार की गई है, जो दुनिया को फुटबॉल के प्रति मलप्पुरम के जुनून को दिखाती है।

नगर पालिका अध्यक्ष वीटी रिनिशा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य न सिर्फ वर्ल्ड कप का स्वागत करना है, बल्कि प्लास्टिक कचरे के खिलाफ जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका शहर में वर्ल्ड कप के जश्न के तौर पर बड़े पैमाने पर सुविधाएं, जिनमें एक ‘फन पार्क’ भी शामिल है, तैयार करने पर भी विचार कर रही है।

मलप्पुरम के फुटबॉल प्रेमियों ने इस रचनात्मक कलाकृति का बड़े उत्साह के साथ स्वागत किया है। इसे बनाने के लिए 6,000 से ज्यादा प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल किया गया, जिनका वजन करीब 80 किलोग्राम था। इन बोतलों को ‘हरित कर्म सेना’ ने नगर पालिका के 40 वार्ड से एकत्रित किया था। इसके निर्माण में लगभग 73 किलोग्राम लोहे की छड़ों का भी इस्तेमाल किया गया। 9 दिनों में तैयार हुई इस कलाकृति को महज 43,000 रुपए की लागत से पूरा किया गया है।

शहर में इस विशाल कलाकृति को लगाने में एक ‘अर्थमूवर’ मशीन की मदद से लगभग एक घंटा लगा।

‘स्वच्छ शहर’ का संदेश देने वाली यह कलाकृति, वर्ल्ड कप के जश्न के हिस्से के तौर पर नगर पालिका के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की देखरेख में बनाई गई थी। साल 2015 से 2020 के बीच पहले लगाई गई एक और विशाल फुटबॉल कलाकृति भी पास में ही मौजूद है, जो मलप्पुरम की फुटबॉल संस्कृति का प्रतीक है।

इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष जितेश जी. अनिल, स्थायी समिति के अध्यक्ष हैरिस अमियान, पारी मजीद, मरियम्मा शरीफ़ और ननाथ समीरा मुस्तफ़ा सहित कई अन्य लोग शामिल हुए।

–आईएएनएस

आरएसजी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here