Home मनोरंजन फिर साथ दिख सकती है माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की सुपरहिट...

फिर साथ दिख सकती है माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की सुपरहिट जोड़ी, सुरेश त्रिवेणी ने दिया बड़ा संकेत

1
0

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की मशहूर जोड़ी माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर ने 80 और 90 के दशक में कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया और अपनी शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीत लिया। अब एक बार फिर इस जोड़ी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, निर्देशक सुरेश त्रिवेणी ने बताया कि आने वाले समय में माधुरी और अनिल कपूर एक बार फिर एक प्रोजेक्ट में साथ नजर आ सकते हैं।

सुरेश त्रिवेणी इन दिनों अपनी नई सीरीज ‘मां बहन’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। इसी दौरान उन्होंने कहा, ”मेरे लिए यह साल बेहद खास रहा, क्योंकि मुझे एक ही साल में दो बड़े सितारों के साथ काम करने का मौका मिला। एक तरफ मैंने अनिल कपूर के साथ सीरीज ‘सूबेदार’ में काम किया, वहीं दूसरी तरफ अब मैं माधुरी दीक्षित के साथ ‘मां बहन’ में काम कर रहा हूं। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा अनुभव है।”

सुरेश त्रिवेणी ने माधुरी और अनिल कपूर की जोड़ी को लेकर भी दिलचस्प बात कही। उन्होंने कहा, “मैं दोनों को फिर से एक साथ पर्दे पर लाना चाहता हूं। माधुरी और अनिल कपूर की जोड़ी स्क्रीन पर कमाल लगती है, और अगर मुझे मौका मिला तो मैं जरूर दोनों को साथ लेकर कुछ नया बनाने की कोशिश करूंगा। अगर सब कुछ सही रहा तो दर्शकों को यह सुपरहिट जोड़ी फिर से देखने को मिल सकती है।”

सुरेश त्रिवेणी की इस बयान पर वहां मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और अपनी खुशी जाहिर की।

अगर माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की फिल्मों की बात करें तो दोनों ने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दी हैं। ‘बेटा’, ‘तेजाब’, ‘राम लखन’, ‘परिंदा’ और ‘धमाल 4’ जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इन फिल्मों के गाने, डायलॉग और दोनों की केमिस्ट्री आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है।

वहीं, सुरेश त्रिवेणी की नई सीरीज ‘मां बहन’ भी लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस शो का ट्रेलर 22 मई को रिलीज किया गया था। यह शो 4 जून को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here