कोलकाता, 15 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। बंगाल फुटबॉल अकादमी की स्थापना उनके 15 साल पुराने सपने को मूर्त रूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पश्चिम बंगाल भाजपा सरकार के मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने शुक्रवार को इसे मजबूती से समर्थन देने की बात कही है।
मंत्री प्रमाणिक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मिथुन दा सिर्फ बॉलीवुड की बड़ी हस्ती नहीं हैं। वे फुटबॉल के बहुत बड़े फैन हैं और खुद भी अच्छे फुटबॉलर रह चुके हैं। आज इतनी बड़ी हस्ती बंगाल के सबसे प्रिय खेल फुटबॉल के लिए कुछ करना चाहती है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। मिथुन दा आज भी फुटबॉल के लिए बहुत कुछ करने को तैयार हैं।”
मिथुन चक्रवर्ती ने बताया, “बंगाल फुटबॉल अकादमी पिछले 15 सालों से मेरा सपना था। लेकिन पिछली टीएमसी सरकार ने मुझे कुछ भी करने नहीं दिया। जो कुछ भी मैं करना चाहता था, उन्होंने रोक दिया। अब हमारी सरकार बन गई है और अच्छे मंत्री मिले हैं। इसलिए मैंने उन्हें बताया कि मैं यह काम फिर से शुरू करना चाहता हूं।”
मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी राजनीतिक मेहनत का जिक्र करते हुए कहा, “मैं पिछले 5 सालों से लगातार मेहनत कर रहा हूं। छोटे-छोटे गांवों, सड़कों और गलियों में गया, सभाएं कीं, सिर्फ कमल खिलाने के लिए। हमारा एक ही लक्ष्य था कि सब एक छत के नीचे आएं।”
इसी बीच प्रमाणिक ने आरजी कर मामले पर नई सरकार की तेज कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, “सरकार को सत्ता में आए अभी 7 दिन भी नहीं हुए हैं। बंगाल की जनता ने आरजी कर मामले में जो जन-आंदोलन खड़ा किया, उसी का नतीजा है कि भाजपा सरकार बनी। अब एक के बाद एक कार्रवाई शुरू हो गई है। यह तो बस शुरुआत है, आगे-आगे देखिए।”
मिथुन चक्रवर्ती और निसिथ प्रमाणिक दोनों ही बंगाल में फुटबॉल को नई ऊंचाई देने के प्रति उत्साहित नजर आए। स्थानीय फुटबॉल प्रेमी इस पहल का स्वागत कर रहे हैं।
–आईएएनएस
एससीएच/एबीएम








