Home मनोरंजन रणबीर कपूर बने अयोध्या के नए निवासी, सरयू नदी के पास जमीन...

रणबीर कपूर बने अयोध्या के नए निवासी, सरयू नदी के पास जमीन की रजिस्ट्री पूरी

1
0

अयोध्या, 15 मई (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद से ही यहां पर जमीन खरीदने की होड़ मची है। इसी कड़ी में अभिनेता रणबीर कपूर ने भी जमीन ले ली है। सब-रजिस्टार सहायक संगीता उपाध्याय ने आईएएनएस के साथ बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने बताया कि अभिनेता ने एक डेवलपर के जरिए सरयू नदी के पास 198.26 वर्ग मीटर का प्लॉट खरीदा है। उन्होंने कहा, “अयोध्या के माझा तिवरा में कल, यानी कि 14 मई को सफलतापूर्वक रजिस्ट्री सम्पन्न की गई।”

उन्होंने बताया कि अभिनेता ने इस क्षेत्र के लिए कुल 2 करोड़ 40 लाख रुपए का भुगतान किया है। इस जमीन को खरीदने के लिए अभिनेता स्वयं नहीं आए थे, बल्कि उनका एक प्रतिनिधि था, जिसने डेवलपर के माध्यम से खरीदी थी। यह उनकी पहली जमीन है। रजिस्ट्री हो गई है।

जब आईएएनएस ने सब-रजिस्टार सहायक संगीता उपाध्याय से अन्य फिल्मी सितारों के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया, “रणबीर कपूर के अलावा, दो अभिनेताओं ने भी इस क्षेत्र में निवेश किया है।”

हालांकि, संगीता ने उन अभिनेताओं के नाम की जानकारी नहीं दी। उम्मीद है कि आगे चलकर उनके नाम सामने आ सकते हैं।

बता दें कि यह जमीन अभिनेता के परिवार के लिए विरासत के रूप में होगी। रणबीर ने हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के इस प्रोजेक्ट में निवेश किया है, जो सरयू नदी के किनारे 75 एकड़ में फैला लैंडमार्क डेवलपमेंट है। यह प्रोजेक्ट 35 से ज्यादा लग्जरी लाइफस्टाइल सुविधाओं, बड़े क्लब हाउस और 5 एकड़ में फैले पूर्ण शाकाहारी लग्जरी होटल ‘द लीला’ से सुसज्जित है।

अभिनेता रणबीर कपूर जल्द ही नितेश तिवारी निर्देशित महाकाव्य ‘रामायण’ में भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। इस महाकाव्य में उनके साथ अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता के रोल में होंगी। वहीं, साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश रावण के किरदार में, सनी देओल श्रीराम भक्त हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, रवि दुबे श्रीरामचंद्र के अनुज लक्ष्मण का किरदार निभाते नजर आएंगे।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here